Saturday, 11 June 2016

तुम चले जाओगे

बरसात बड़ी लम्बी चली, हम भीगते रहे।
अब तपती गरमी में छोड़ तुम चले जाओगे।

समय शायद रुका था कुछ सालों से, ठिठका हुआ।
घड़ी की टिक-टिक शुरू हुई, तुम चले जाओगे।

बादलों ने अम्बर पे जो तंबू गाड़ रखे थे, अस्थायी थे ।
काल ने उनको अब उखाड़ फेंका है।
अल्पकालिक आनंद को स्थिरता का चोला पहनाना धोखा है, 
समय ने अंत में वो चोला निकाल फेंका है।

अब हम काल की विकराल अनुभूति से घबरा से जाते हैं, डर सा लगता है।
अंतत: बदलाव ही तो प्रकृति का नियम है। सब कुछ ना बदल जाए, डर सा लगता है।

कुछ अच्छा ही होगा शायद, ये कह के दिल को बहलाना आसान नहीं, 
दिल पागल हुआ करता था पहले, अब इसे पागल बनाना आसान नहीं। 

इस परिवर्तन को भला स्वीकार करें तो कैसे, क्या कहें स्वयं को बहलाने के लिए,
जीवन में हर कोई आता है, थोड़ी जगह बनाता है, रहता है, केवल जाने के लिए।

अब विदा करें तो कैसे, तुम्हें सीने से लगाना भी तो कठिन है, कलेजा मुँह को आता है।
तुम्हें जाना है, ये स्पष्ट है। किंतु सीखा नहीं कैसे कोई मन की तरंगों को आग लगाता है।

अब हृदय से जो धुआँ उठ रहा है, उसे तुम्हारे साथ जाने दूँगा। 
राख रखूँगा सीने में, सपनों की, धीरे-धीरे जलूँगा, जब तुम चले जाओगे।

समय को रोक दो ना फिर से, सब कुछ छोड़ दो ना फिर से, मत जाओ।
क्या करूँगा मैं यहाँ, जब तुम होगे वहाँ, जहाँ तुम चले जाओगे।








Sunday, 8 May 2016

उपवन

कुछ कुंठित है मन, मन से, मन भर गया है शायद इस उपवन से,
ये उपवन ख़ाली ख़ाली सा है, लगता है बे-माली सा है।
कब तक क्रोध की सीमा को आगे आगे करते जाएँ, संयम की सीमा को कब तक मझधार में खेते जाएँ।
कुछ सीमाएँ अब लाँघ ही दो, कुछ बेड़ों को अब तोड़ ही दो।
जो तुमको घृणा का आभास कराए, उन्हें पकड़ो मत अब छोड़ ही दो। 
जाने दो, रोको मत, कुछ समय बाद ये समय भी बीत ही जाएगा।
सावन निराला होता है, बरसेगा, जाएगा, फिर लौट के वापस आएगा।
हुंकार भरो फिर से ऐसा कि कांपें धरती और गगन, बसाना है फिर से तो उखाड़ फेंक दो ये उपवन।
इस उपवन के बाहर देखो, कई और सुनहरे उपवन हैं। जंगल जैसा वीरां नहीं, सपनों जैसा नंदनवन है।
कुछ कड़वी बातें स्वीकार करो, कुछ दृष्टि का विस्तार करो,
कुछ अपने पर क़ाबू पाओ, कुछ ऊर्जा का संचार करो।
अब उठो नए सफ़र के लिए, मत रुकना बिना मंज़िल पाए,
वो फूल कुचल दो पैरों से, चुभने जिनमें काँटें आए।
वो नींद तोड़ के उठ जाओ जब सपने में आए फिर ये उपवन,
इस उपवन में कुछ बचा नहीं, उस उपवन में है पूरा जीवन।

- वीर-रस की पहली रचना है। यथार्थ या अर्थाथ से सम्बंध ना जोड़ें। यह एक कविता है, इसका किसी कहानी से किसी सम्बंध का संयोग भी दुर्लभ है ।

Sunday, 24 January 2016

माँ

मेरी माँ 
तेरी सूरत अब तेरी तस्वीर और मेरी यादों में है बस,
अब प्यार की दरकार भी ख़त्म सी हो गयी । 
तेरी गोद में जो नींद आती थी वो तो अलग, अब चैन से सोने की आदत भी ख़त्म सी हो गयी ।

हर रात सोने से पहले तेरा चेहरा देखता हूँ, शायद अब मेरी आँखों में ही रहती हो तुम।
दिन भर का थका जब घर आता हूँ तो शायद मेरे सिरहने पर बैठी रहती हो तुम। 

मेरी आँखों से तू मेरी दुनिया देख रही है ना, इसीलिए अब पूछती भी नहीं की कैसा हूँ, क्या कर रहा हूँ?
पता तो चल ही गया होगा तुम्हें तुम्हारे जाने के बाद मैं तिल-तिल, धीरे-धीरे मर रहा हूँ।

बहुत रोया था मैं तेरे जाने के बाद फिर आँसुओं का अकाल पड़ गया था।
अब अक्सर होती रहती है बारिश इनकी जब भी तुम याद आती हो। 

थोड़ा व्यस्त हो गया हूँ इस जीवन रूपी नाव को खेते खेते, तुम्हें भी याद करने का वक़्त नहीं मिलता।
और जब वक़्त मिलता है तो तेरी याद में व्यस्त हो जाता हूँ, तुम इतना याद आती हो।

सुकून मिलता है तुम्हें सपने में देख कर, मन करता है देखता रहूँ, सोता रहूँ ।
देह-रूपी कैदख़ाने में हूँ ना, यहाँ क़ैदियों से देर तक मिलने की इजाज़त नहीं मिलती।

घबरा मत तेरा बेटा तेरे पास आएगा, तेरे पास ही रहेगा। इस क़ैद से आज़ाद हो जब घर आएगा, तेरे घर। जहाँ मुलाक़ात समय की पाबंद नहीं होगी और ना रात नींद की।

तब करेंगे बातें जो नहीं कर पाए थे सपने में या उससे पहले.. 
तब बताऊँगा मैंने तुम्हें कितना याद किया तुम्हारे बिना जीते हुए, मरते हुए।
जी भर के मेरे सर पर हाथ फेरना, मैं दोस्तों के बुलाने पर भी भागूँगा नहीं। 
बस तेरी आवाज़ ही सुनूँगा और कहीं कान फेरूँगा नहीं। 

नींद और थकान से परे, तेरी गोद में सर रख के तेरी हर बात सुनूँगा । 
कुछ दिन की बात है माँ, ये सज़ा काट मैं जल्दी ही मिलूँगा ।