Thursday, 25 October 2012

Raavan zinda hai

कल रात रावण को जलते देख मन में एक ख्याल आया
कि ये रावण हर साल वापस कैसे आ जाता है ??
हर साल जलाते हैं इसको, धुं धुं कर के  जल जाता है,
फिर हर कोई उस रावण के मरने का जश्न मनाता है।
और कहीं बैठ वो दानव  हम लोगों पर हँसता जाता है,
हर व्यक्ति में वो रावण अपना अंश छोड़ चला जाता है,
मनमोहन की चुप्पी जैसा, वो रावण ख़त्म नहीं होता,
सोनिया की हिंदी जैसा,  उसके जीने का अर्थ समझ नहीं आता।
वो मोदी की हुंकार सा, लालू की ललकार सा, बढ़ता ही जाता है,
वो नितीश का अहं, शीला के रंग, मुलायम का आतंक  दर्शाता है।
जब महिलाएं, राम के इस देश में,  अग्निपरीक्षा देती है,
जब बीच सड़क पे गरीबी खुद के प्राण हर लेती है,
तब रावण उनको देख के हँसता है, मंद मंद मुस्काता है,
हर मानव में उस दानव को अपना स्वरुप दिख जाता है।
जब कोई बलवान निर्बल के हिस्से की रोटी खा जाता है,
जब हर मानस के ह्रदय में लालच का बादल छाता है,
जब धर्म के नाम पे यहाँ धर्म युद्ध छिड़ जाता है,
जब जान लेने के पहले कोई एक पल नहीं सकुचाता है,
जब श्रृष्टि को रचने वाला इस गलती पर पछताता है,
जब राम और रामायण का कोई अर्थ नहीं बच जाता है,
तब रावण का अट्टहास हर तरफ गूँजता जाता है,
मैं जिंदा हूँ, मैं जिंदा हूँ, वो गला फाड़ चिल्लाता है।





Tuesday, 23 October 2012

जीना तो है ही, हँस के ही सही।

आज फिर रात होगी, अँधेरा फिर छाएगा, चाँद फिर आएगा लेकर हलकी सी रौशनी, थोड़ी सी उम्मीद।
हम फिर थके हारे, ज़िन्दगी के मारे, घर वापस आयेंगे, बिस्तर पे जायेंगे, चाहेंगे थोड़ी सी नींद।

नींद में फिर देखेंगे कुछ सपने, कुछ अपने, सपने जो दिल को हिम्मत देंगे फिर से जागने की।
सपने जो एहसास दिलाएंगे की हम जिंदा हैं, ज़मीर भी, और फिर कोशिश करेंगे खुद को चाहने की।

आस-पास, हर एहसास जो जीने की इच्छा को फिर से जिंदा करती है, शर्मिंदा करती है जब सोचता हूँ
 कि इसी ज़िन्दगी से भागता था, जिसे हर पल, हर घडी, हर कोने में, हर हिस्से में खोजता हूँ।

मिलती है कभी किसी किनारे, फिर छुप जाती है, कोई खेल खेलती है मुझसे हर वक़्त, फिर मिल जाती है,
जहाँ से शुरू होती है, वहीँ ख़त्म भी, जहाँ आदि है वहीँ अंत भी, जहाँ मुरझाये, वहीँ खिल जाती है।

इस ज़िन्दगी ने खुशियाँ दी, ग़म दिया, हर मौसम दिया, धुप, छाँव, वर्षा, अकाल, सारे दिन दिखाए हैं,
कभी आँखों में आंसूं, कभी चेहरे पे मुस्कान, आती है, जाती है, सुख की धुप, कभी दुःख के साये हैं।

हर रात की सुबह होती है,  इस रात की भी होगी, सवेरा हक़ है हमारा जब तक जान है,
हम जागेंगे, शायद इसीलिए मंदिरों में घंटे हैं, गुरूद्वारे में गुरुबानी और मस्जिदों में अज़ान है।

सवेरा सूरज साथ लायेगा जो बिखराएगा  हर तरफ किरणें उजाले की, कंचल, कोमल, निर्मल,
और फिर हम निकलेंगे वापस उसी दौड़ पर, साथ लिए, नयी उर्जा, नया प्रकाश, नयी उम्मीद, नया बल।

जियेंगे और जी भर के जियेंगे जब तक जिंदा हैं, हर पल जियेंगे, ज़िन्दगी पियेंगे, झूमेंगे, निडर, निसंकोच।
और जब मौत आएगी, तो आँखों में आँखें डाल, चल देंगे उसके साथ, छोड़ जीवन को पृथक, अकेले,  परलोक।

Khate hain, Khate Rahenge

तुम भूखे लगते हो तभी तो मेरे खाने से तकलीफ होती है,
तुम क्यूँ नहीं सो सकते भूखे जब आधी जनता सोती है ?
क्यूँ तकलीफ होती है जब कुछ पैसों का हिसाब नहीं मिलता,
क्यूँ हल्ला मचाते हो अगर सवालों का जवाब नहीं मिलता ?

कौन सा पूरा देश खा लिया जो हो हल्ला मचा रखा है,
ये तो हम हैं जो दुसरों से बहुत कुछ बचा रखा है।
हमारी थोड़ी सी गलती पर तुम नाचने लगते हो,
उन्हें कुछ नहीं कहते जिसने हमें नचा रखा है।

हम तो  खाते हैं की कुछ तुम्हारे लिए बचा सकें,
उतना ही खाते हैं जितना पचा सकें,
एक डकार  ली नहीं की तुम उखड जाते हो,
हर घोटाले की जांच पे अड़ जाते हो।

क्या बिगाड लेगी ये जांच आयोग हमारा ?
इतनी जल्दी नहीं जायेगा ये रोग हमारा।
तुम हाय हाय करते थक जाओगे, चुप हो जाओगे,
हम फिर बच जायेंगे, ऐसा है संयोग हमारा।

तो जाओ, घर जाओ, अपने बाल बच्चों पे ध्यान दो,
बच जाओगे हमसे, अगर ये छोटी सी बात मान लो।
फिर मत कहना की सच के लिए शहीद हो गए,
हम तो खाते हैं, खाते रहेंगे, ये बात जान लो।