अक्सर याद आती हैं वो गाँव की सुनहरी सुबह... जहाँ पौ फटे उठ निकल पड़ते थे सैर को....
और लौटते हुए ले आते थे चंद दातूऩ और पैरों में लगी मिट्टी...
जहाँ हमाम़ के नाम पर थी एक नदी, दो तालाब, चंद कुँए....
शहर के पानी से अलग..साफ, स्वच्छ मगर साथ लिए थोड़ी सी मिट्टी...
जहाँ बारिश हुई तो वो एक नदी ले लेती थी विकराल रूप... कुछ डूबा ले जाती थी और कुछ को तैराकी सिखा जाती थी....
जब जाती थी बरसात और जब नदी अपने यथास्वरूप में आती थी तो छोड़ जाती थी हर ओर कुछ गीली कुछ दलदल सी मिट्टी....
जब माँ दोपहर में बाहर जाने को मना करती थीं और उनके सोते ही हम फरार मिलते थे उस आम के पेड़ के नीचे...
उस पेड़ तले तपती गर्मी में भी राहत थी, सुकुन था... ठंडक थी... बड़ी ही कोमल ... बड़ी ही ठंडी थी वो मिट्टी....
आज उस मिट्टी को छूने का दिल है... फिर से उसकी धूल को माथे पर लगाने का दिल है... उस नदी में नहाने का दिल है...
क्या पता नसीब में क्या है... किसे खबर है कब क्या हो... कि कब मिल जाऊं मिट्टी में... जाने कहाँ की हो मिट्टी....
मेरे प्रियजन, मेरे दोस्तों बस इतनी गुज़ारिश है तुमसे कि जब इस देह को छोड़ चला जाऊं उस लोक तो मेरे जिस्म़ पर छिड़क देना मेरे गाँव की थोड़ी सी मिट्टी ।
कुन्देन्दू
No comments:
Post a Comment